स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत आकाशवाणी पूर्णिया की पहल, काली मंदिर में चला सफाई अभियान, मेडिकल कैंप में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

SHARE:

धर्मेंद्र कुमार लाठ, पूर्णिया। स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के अवसर पर आकाशवाणी पूर्णिया की ओर से स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में पूर्णिया सिटी स्थित काली मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। आकाशवाणी के कर्मियों और अभियान से जुड़े लोगों ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही आम लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

सफाई अभियान के साथ-साथ आकाशवाणी पूर्णिया के कार्यालय परिसर में मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया। मेडिकल कैंप में जीएमसीएच के चिकित्सक डॉ. अवनीश आनंद ने आकाशवाणी के कर्मियों सहित मौजूद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही चिकित्सक द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई।

स्वच्छता को लेकर आकाशवाणी की बड़ी पहल

कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी पूर्णिया के कार्यक्रम अधिशासी आशीष कुमार सिंह ने स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन के लिए बेहद जरूरी है। स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की नींव है। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर से स्वच्छता के लिए योगदान दे तो इसका व्यापक असर समाज पर पड़ सकता है। इसी उद्देश्य से आकाशवाणी पूर्णिया की ओर से स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के दौरान विभिन्न जागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आशीष कुमार सिंह ने बताया कि पखवाड़ा के दौरान आकाशवाणी पूर्णिया द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छता को लेकर समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वच्छताग्रहियों को प्रशस्ति पत्र और गुलाब देकर किया सम्मानित

स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छताग्रहियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। आकाशवाणी पूर्णिया की ओर से स्वच्छताग्रहियों को प्रशस्ति पत्र और गुलाब का फूल देकर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम अधिशासी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वच्छताग्रहियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके योगदान को सम्मान देना न केवल उनका उत्साह बढ़ाता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है।

आकाशवाणी पूर्णिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों को प्रमुखता दी गई। एक ओर जहां सार्वजनिक स्थल काली मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर मेडिकल कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

आकाशवाणी पूर्णिया की इस पहल के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने घर, कार्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की आदत से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

trfgcvkj.blkjhgfd
0
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य

शहर चुनें