पूर्णिया कसबा कुल्लाखास। पंचायत के वार्ड नंबर-7 स्थित आलमनगर में रविवार की सुबह मछली पकड़ने के दौरान तीन सहोदर भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार आलमनगर निवासी अलांगिर के चार पुत्र खगजाना के पास एक गोदाम के पीछे स्थित चाप में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान 12 वर्षीय मो. मोफिजूल गहरे कुंड में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए 10 वर्षीय तफीजूल आगे बढ़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा। दोनों को बचाने के प्रयास में 8 वर्षीय सैराजुल भी गहरे पानी में चला गया और तीनों भाई डूब गए।
घटना के दौरान चौथा भाई 7 वर्षीय अली हुसैन किसी तरह गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक साथ तीन भाइयों की मौत की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा है। मृतकों के पिता अलांगिर, माता दुलहरी, दादा मो. अख्तर और दादी मेहनूर का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि अलांगिर के कुल आठ पुत्र हैं, जिनमें से तीन पुत्रों की एक साथ डूबने से मौत हो गई। हृदय विदारक घटना से गांव का माहौल गमगीन है।







