पूर्णिया। पूर्णिया में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब भीड़भाड़ वाले इलाके में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मरंगा चौक पर चाउमीन बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
शुक्रवार देर रात मरंगा थाना क्षेत्र के मरंगा चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने चाउमीन दुकानदार चंदन कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपराधियों ने बेहद करीब से चंदन को निशाना बनाया। गोलीबारी में उसके पीठ में तीन और पेट में दो गोलियां लगीं। गोली लगते ही चंदन सड़क पर गिर पड़ा, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और मरंगा थाना पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के मुर्गी फार्म निवासी स्वर्गीय नरेश साह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। चंदन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
इस हत्याकांड में मृतक के भाई कुंदन कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि करीब एक वर्ष पहले उनकी भांजी को मंजय ऋषि बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी के जेल जाने की बात भी सामने आई है। कुंदन कुमार का आरोप है कि तभी से आरोपी पक्ष की ओर से उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार की रात आरोपियों ने मिलकर उनकी फास्ट फूड दुकान के पास चंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
मरंगा चौक पर हुई इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों तक कब पहुंचती है और कब तक उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाता है।







