धर्मेन्द्र कुमार लाठ, पूर्णिया ब्यूरो
कसबा (पूर्णिया)। पुलिस टीम पर हमला कर फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सदर-2 के एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में न्यायालय के आदेश पर कसबा थाना क्षेत्र के भमरा लागन पंचायत में आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
बताया गया कि 14 दिसंबर 2025 को इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS-112) की पुलिस टीम पर हमला किया गया था। इस मामले में नामजद आरोपी सुबहन, रुहान और अफसना घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा कई बार गिरफ्तारी के प्रयास किए गए, लेकिन आरोपी न तो पकड़े गए और न ही न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय ने उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया।
एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए पहले ढोल-नगाड़ा बजाकर कानूनी उद्घोषणा की और फिर आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। घर के दरवाजे, खिड़कियां सहित अन्य सामान जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान डॉ. गौरव कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस पर हमला करने वालों और कानून से भागने वालों के लिए किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और कानून की गिरफ्त से कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सख्ती की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का मानना है कि यह अभियान न केवल फरार आरोपियों पर दबाव बनाएगा, बल्कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अन्य असामाजिक तत्वों के लिए भी कड़ा संदेश साबित होगा।







