धर्मेन्द्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया/कसबा। पूर्णिया पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मोहनी पंचायत के मिर्जाबाड़ी स्थित अल आमान एजुकेशन सोसायटी, जामिया फातिमा तुज जोहरा लिल बानात में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) डॉ. गौरव कुमार ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. गौरव कुमार ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह करने या कराने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बच्चों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, अनुशासन और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना डर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. गौरव कुमार ने सरल भाषा में जवाब दिया। इस पहल से छात्राओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ी और पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।
इस अवसर पर कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन एवं संस्था के चेयरमैन डॉ. इब्राहिम मदनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्णिया पुलिस का यह सामुदायिक पुलिसिंग अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







