कटिहार/पूर्णिया। कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के पीरगंज गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि एक कलयुगी बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी मां पर ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में घायल महिला को गेड़ाबाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
पूर्णिया के निजी अस्पताल में महिला का करीब चार दिनों तक इलाज चला। इस दौरान चिकित्सकों ने महिला का ऑपरेशन भी किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
मृतका की पहचान अनिता देवी के रूप में हुई है। मृतका के पति उदय दास ने आरोप लगाया कि रुपये के लालच में उनके बेटे और बहू ने अनिता देवी के साथ मारपीट की और ईंट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उदय दास ने बताया कि उन्होंने तीन शादियां की हैं। उनका आरोप है कि उनकी दूसरी पत्नी के बेटे और बहू ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।







