पूर्णिया। जिले के बेरोजगार और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। 3 सितंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पूर्णिया में जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। एक ही परिसर में युवाओं को अलग-अलग कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जिला नियोजन पदाधिकारी आदित्य प्रकाश ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मेले में स्थानीय स्तर के 12 नियोजक जबकि राष्ट्रीय स्तर की करीब 20 से 25 कंपनियां शामिल होंगी। यानी युवाओं को एक ही जगह पर अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के कई विकल्प मिल सकेंगे।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा मेला
जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार नियोजन मेले का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। यहां विभिन्न कंपनियों की ओर से युवाओं की योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं को बेहतर करियर के लिए व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
पंजीकरण जरूरी, मेले में प्रवेश निशुल्क
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। बिहार के रोजगार पोर्टल पर निबंधित अभ्यर्थी नियोजन मेले में भाग ले सकेंगे। इच्छुक युवाओं को पोर्टल पर अपना निबंधन पूरा करना होगा।।खास बात यह है कि नियोजन मेला पूरी तरह निशुल्क रहेगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक योग्य और इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
युवाओं के लिए नौकरी और करियर का एक ही मंच
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह मेला खास अवसर माना जा रहा है। अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संपर्क, रोजगार के अवसर और करियर मार्गदर्शन मिलने से युवाओं को अपनी योग्यता के मुताबिक बेहतर विकल्प चुनने में मदद मिल सकती है।3 सितंबर को पूर्णिया में लगेगा रोजगार का मंच—अब युवाओं की नजर नौकरी के इस बड़े मौके पर है।








