धर्मेंद्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। शहरी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की स्पेशल क्विक एक्शन टीम का गठन किया गया है। यह टीम शहर में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के साथ-साथ प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।पुलिस के अनुसार, बीते चार घटनाओं में क्विक एक्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फिलहाल इस विशेष टीम में 80 जवान शामिल हैं। आने वाले दिनों में इसमें 20 और जवानों को शामिल किया जाएगा, जिसके बाद टीम की संख्या बढ़कर 100 हो जाएगी।
तकनीक के साथ फायरिंग में भी ट्रेंड हैं जवान
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम अभिनव पाराशर ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्विक एक्शन टीम में शामिल सभी जवान पूरी तरह प्रशिक्षित हैं। जवानों को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए भी तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि टीम के जवानों को फायरिंग का अलग से प्रशिक्षण भी दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति में टीम तेजी से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने में सक्षम है।
प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर विशेष नजर
क्विक एक्शन टीम को शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में लगाया गया है। टीम के जवान लगातार क्षेत्र में निगरानी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में टीम को और मजबूत किया जाएगा, ताकि पूर्णिया शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।








