धर्मेन्द्र कु लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों से ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेणु उद्यान के पीछे बुलेट सवार दो बदमाशों ने चाचा-भतीजे की गाड़ी रुकवाकर खुद को पुलिसकर्मी बताया और सुरक्षा जांच के नाम पर दोनों से सोने के जेवरात उतरवा लिए। इसके बाद बदमाश करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ितों के अनुसार, दोनों बदमाश बुलेट से आए थे। उन्होंने गाड़ी रुकवाने के बाद खुद को पुलिसकर्मी बताया और सुरक्षा का हवाला देते हुए सोने के गहने उतारने को कहा। पुलिसकर्मी समझकर पीड़ितों ने अपने जेवरात उतार दिए। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर करीब आठ लाख रुपये के जेवरात अपने कब्जे में ले लिए और वहां से भागने लगे।
एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश, फटी शर्ट
घटना के बाद पीड़ितों को जब बदमाशों की मंशा का एहसास हुआ तो उन्होंने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। एक पीड़ित ने एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, जिसमें उसकी शर्ट तक फट गई। हालांकि दोनों बदमाश किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे और बुलेट से लाइन बाजार की ओर फरार हो गए।वारदात के बाद पीड़ितों ने तत्काल केहाट थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
CCTV फुटेज से बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस की कोशिश है कि बुलेट सवार दोनों बदमाशों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। बदमाश किस दिशा में भागे और घटना से पहले तथा बाद में उन्होंने किन रास्तों का इस्तेमाल किया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।फर्जी पुलिस बनकर लोगों को रोकने और सुरक्षा जांच के नाम पर जेवरात उतरवाकर ठगी करने की इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।







