कसबा, पूर्णिया।पूर्णिया जिले में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है इसी अभियान के तहत साइबर क्राइम विभाग सह पुलिस अनुमंडल सदर-2 के एसडीपीओ कनिष्क श्रीवास्तव के निर्देश पर पु०अ०नि० प्रिंस कुमार के नेतृत्व में कसबा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 99.40 ग्राम स्मैक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, ₹3,800 नकद और एक सफेद रंग का सीएनजी टोटो भी बरामद किया है।
कसबा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ कनिष्क श्रीवास्तव ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में सघन वाहन जांच के साथ अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 10 सितंबर को शाम करीब 4:20 बजे पुलिस टीम दिवा गश्ती के दौरान खगजाना मोड़ के पास वाहन जांच कर रही थी।इसी दौरान रतनसौती चौक की ओर से एक सफेद रंग का सीएनजी टोटो तेज रफ्तार से आता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, वाहन जांच को देखकर टोटो चालक ने अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम को संदेह हुआ और पु०अ०नि० प्रिंस कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से टोटो को रोक लिया। टोटो में तीन युवक सवार थे।
पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान जितेन्द्र कुमार (22 वर्ष), सिकन्दर महतो (24 वर्ष), दोनों पिता स्वर्गीय विशुनदेव महतो, निवासी तारानगर वार्ड नंबर 12, थाना कसबा, तथा मसरीकुल (20 वर्ष), पिता मोतीबुर्रहमान, निवासी गेरुआ घाट वार्ड नंबर 1, थाना कसबा के रूप में हुई।इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों युवकों और टोटो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 99.40 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन और ₹3,800 नकद बरामद हुए। पुलिस ने सफेद रंग के सीएनजी टोटो को भी जब्त कर लिया। बरामदगी के बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रिंस कुमार की टीम की सतर्कता से मिली सफलता
इस कार्रवाई में पु०अ०नि० प्रिंस कुमार की भूमिका प्रमुख रही। वाहन जांच के दौरान संदिग्ध टोटो के भागने के प्रयास को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और वाहन को रोककर तलाशी ली। इसी तलाशी के दौरान स्मैक की बरामदगी हुई। कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस टीम की सक्रियता और प्रिंस कुमार की तत्परता की चर्चा हो रही है।कार्रवाई में पु०अ०नि० शैलेश कुमार, स०अ०नि० नागेन्द्र प्रसाद सहित सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार भी शामिल थे। एसडीपीओ कनिष्क श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से मादक पदार्थ बरामद करने में सफलता मिली।
स्मैक के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
एसडीपीओ कनिष्क श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद स्मैक कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।पुलिस स्मैक के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए।
मामले में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार युवकों के पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।मामले में कसबा थाना कांड संख्या 395/28 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद स्मैक, तीन मोबाइल फोन, नकद राशि और सीएनजी टोटो को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







