धर्मेंद्र कु लाठ, पूर्णियाँ।
पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने मंगलवार को बैसा प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रौटा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्था, साफ-सफाई, छात्रावास तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद डीएम ने विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं में सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने छात्राओं के लिए शौचालय, आवागमन, सुरक्षा और परिसर की अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए।
विद्यालय में वीसीजी रामजी योजना के तहत अत्याधुनिक शौचालय परिसर के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं हो और छात्राओं को बेहतर स्वच्छता सुविधा उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा छात्रावास के मुख्य द्वार से मुख्य रास्ते तक छात्राओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पीसीसी सड़क निर्माण कराने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी ने दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाया जाना जरूरी है, ताकि छात्राओं और विद्यालय से जुड़े लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए डीएम ने विद्यालय परिसर की चारदीवारी को और ऊंचा कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा विद्यालय परिसर की चौहद्दी को आवश्यकतानुसार सुदृढ़ करने को कहा।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने ग्राम पंचायत कंजिया के वार्ड नंबर-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 82 का भी औचक निरीक्षण किया। यहां केंद्र की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्र का अविलंब जीर्णोद्धार कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों और धात्री माताओं को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। केंद्र की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य जल्द कराने पर उन्होंने जोर दिया।निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कुमुद मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी बायसी अभिषेक रंजन, डीआरडीए निदेशक अमरेंद्र कुमार सिन्हा सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध तरीके से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए।







