धर्मेन्द्र कु लाठ पूर्णिया
पूर्णियां। सीमांचल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से आगामी 20 सितंबर को आर्ट गैलरी स्थित प्रेक्षागृह में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सीमांचल के निजी विद्यालयों में शिक्षा एवं विभिन्न विधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह और भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल शामिल होंगे। इसके अलावा सदर विधायक विजय खेमका, जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक तथा अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों के भी कार्यक्रम में उपस्थित रहने की बात कही गई है।
सीमांचल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय शंकर सिंह ने बताया कि समारोह में पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिले के करीब 600 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें शिक्षा के साथ-साथ शास्त्रीय संगीत, नृत्य, चित्रकला और योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक शामिल होंगे।उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल बच्चों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देने तक सीमित नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनकी प्रतिभा को निखारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी योगदान को सम्मान देने और शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से समारोह आयोजित किया जा रहा है।
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी बबलू झा ने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह के माध्यम से शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। सम्मान मिलने से शिक्षकों को अपने कार्य के प्रति और अधिक ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलेगी तथा वे विद्यार्थियों के हित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।आयोजकों ने बताया कि समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चारों जिलों से सम्मानित किए जाने वाले शिक्षकों की सूची तैयार करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। समारोह में शिक्षा के साथ विभिन्न रचनात्मक एवं योग विधाओं में योगदान देने वाले शिक्षकों की भागीदारी इसे विशेष बनाने की तैयारी है।








