धर्मेन्द्र कुमार लाठ
पूर्णियां। रमेंद्रवरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर पूर्णिया पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 60 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे गए।
मोबाइल वापस मिलने के बाद धारकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लंबे समय से मोबाइल गुम होने या चोरी हो जाने के कारण परेशान लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई के लिए आभार जताया।इस संबंध में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी में पुलिस की तकनीकी शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रैक कर उन्हें बरामद करने की कार्रवाई की।
एसएसपी ने बताया कि मोबाइल फोन लोगों के लिए महत्वपूर्ण निजी एवं आर्थिक संपत्ति होते हैं। ऐसे में गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। बरामद मोबाइल को उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया के तहत सभी 60 मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस किए गए।
ईएसएसपी ने आम लोगों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल फोन चोरी हो जाता है या कहीं गुम हो जाता है तो इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ CEIR पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ट्रैक करने और बरामद करने की प्रक्रिया में पुलिस को मदद मिलती है।उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखने की भी अपील की, ताकि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में उसकी पहचान और तकनीकी जांच में सुविधा हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। तकनीकी शाखा द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल की जानकारी के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस दिलाई जा सके।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पूर्णिया पुलिस की इस पहल की सराहना की। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देर किए संबंधित थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।








