धर्मेन्द्र कुमार लाठ, पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान विदेशी एवं चुलाई शराब की बड़ी खेप बरामद करने के साथ तीन वाहनों को जब्त किया गया। मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक निरुद्ध किशोर को अभिरक्षा में लिया गया।
दूसरी कार्रवाई में टीवीएस अपाचे आरटीआर मोटरसाइकिल (WB92E-0060) से 29.100 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। हालांकि, मोटरसाइकिल का चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए मद्यनिषेध विभाग की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कार्रवाई के साथ-साथ शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, भंडारण, बिक्री या परिवहन किए जाने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल मद्यनिषेध विभाग को दें। प्रशासन के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।








