धर्मेन्द्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र के मनवा पंसोई के समीप बुधवार को तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से मखाना खेत जा रही महिलाओं के एक समूह में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 20 से 22 महिलाओं के घायल होने की सूचना है। वहीं, एक महिला की मौत की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया लाया गया।
घटना के बाद जीएमसीएच में घायलों के पहुंचने से अस्पताल परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घायलों के इलाज में जुट गई। जीएमसीएच के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. दीनबंधु भी मौके पर पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। चिकित्सकों के मुताबिक घायल महिलाओं का इलाज जारी है और उनकी स्थिति के संबंध में फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद कई घायल महिलाओं को अलग-अलग माध्यमों से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ अन्य महिलाओं के भी घायल होने की सूचना है और उन्हें भी इलाज के लिए जीएमसीएच लाया जा रहा है। इसके कारण अस्पताल में घायलों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।
घटना के संबंध में घायल महिला की ननद सोनी देवी ने बताया कि सभी महिलाएं केनगर क्षेत्र के छोटकी सहारा की रहने वाली हैं। महिलाएं मखाना निकालने के लिए मरंगा स्थित मखाना खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मनवा पंसोई के समीप तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से वहां मौजूद महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं और कई महिलाएं घायल हो गईं।
वज्रपात की घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिलाओं को संभाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी जीएमसीएच पहुंचने लगे। अस्पताल में अपने परिजनों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल जीएमसीएच में घायल महिलाओं का इलाज जारी है। मृतक महिला की पहचान और घायलों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी प्रतीक्षित है। प्रशासन और अस्पताल की ओर से विस्तृत जानकारी मिलने के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







