धर्मेन्द्र कु लाठ पूर्णिया
पूर्णिया वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया द्वारा 15 सितंबर 2026 को पुलिस केंद्र, पूर्णिया स्थित केंद्रीय मालखाना का औचक भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मालखाना की सुरक्षा व्यवस्था, वहां रखे विभिन्न कांडों से संबंधित जप्त सामानों तथा विशेष रूप से जप्त मादक पदार्थों के रख-रखाव की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जप्त मादक पदार्थों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जप्त सामग्री के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता नहीं होनी चाहिए। सभी जप्त सामानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की क्षति, गड़बड़ी या रिकॉर्ड में विसंगति की स्थिति उत्पन्न न हो।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न कांडों में जप्त किए गए मादक पदार्थों के त्वरित एवं नियमानुकूल विनष्टीकरण की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विनष्टीकरण से जुड़ी सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करते हुए नियमानुसार अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा मालखाना प्रभारी को सभी जप्त सामानों का डिजिटल एवं भौतिक रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक जप्त सामग्री का विवरण संबंधित अभिलेखों में सही तरीके से दर्ज करने तथा रिकॉर्ड और मालखाना में उपलब्ध सामानों के बीच पूर्ण सामंजस्य बनाए रखने पर जोर दिया गया।
एसएसपी ने मालखाना की सुरक्षा व्यवस्था एवं अभिलेखों के नियमित संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जप्त सामानों के रख-रखाव और निस्तारण की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं मालखाना कर्मी उपस्थित रहे।






