पूर्णिया। गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर को पूर्णिया के आकर्षक और आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू हो गया है। इसी क्रम में विधायक ने NHAI की इंजीनियरिंग टीम के साथ गुलाबबाग जीरो माइल का निरीक्षण कर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली।
लंबे समय से पूर्णिया के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण इस स्थल को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा था। अब सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी उत्साह है।

लोटस फाउंटेन से लेकर आधुनिक एलईडी लाइटिंग तक
प्रस्तावित योजना के तहत गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर को आकर्षक बनाने के लिए लोटस फाउंटेन, आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, हरियाली और आकर्षक लैंडस्केपिंग सहित कई कार्य किए जाएंगे।
योजना पूरी होने के बाद जीरो माइल को ‘गेटवे ऑफ पूर्णिया’ के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है। इससे यह स्थल शहर की पहचान और आकर्षण का नया केंद्र बन सकता है

नेपाल, पश्चिम बंगाल और असम से आने वाले यात्रियों को दिखेगा नया स्वरूप
गुलाबबाग जीरो माइल पूर्णिया का महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग है। यहां से सीमांचल के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ नेपाल, पश्चिम बंगाल और असम की ओर आने-जाने वाले बड़ी संख्या में यात्री गुजरते हैं।विधायक ने कहा कि जीरो माइल का आधुनिक और आकर्षक स्वरूप पूर्णिया आने वाले लोगों के लिए शहर की पहली खूबसूरत झलक बनेगा। सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थल पूर्णिया की पहचान को नई ऊंचाई देने वाला प्रमुख प्रतीक बन सकता है।
विधायक ने कहा- सिर्फ सौंदर्यीकरण नहीं, पहचान से जुड़ा प्रोजेक्ट
विधायक ने कहा कि “गुलाबबाग जीरो माइल पूर्णिया का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। इसे आधुनिक और आकर्षक स्वरूप मिलने से पूर्णिया की पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। यहां से सीमांचल के साथ-साथ नेपाल, पश्चिम बंगाल और असम की ओर आने-जाने वाले लाखों लोग गुजरते हैं। ऐसे में यह स्थल पूर्णिया की पहली खूबसूरत पहचान के रूप में सामने आएगा।”उन्होंने कहा कि “लोटस फाउंटेन, आधुनिक एलईडी लाइटिंग, हरियाली, लैंडस्केपिंग और सीसीटीवी जैसी सुविधाओं से जीरो माइल का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। यह केवल सौंदर्यीकरण का काम नहीं, बल्कि पूर्णिया की पहचान और शहर के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है।”
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास को मिली गति
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्णिया और सीमांचल के विकास को नई गति मिली है। आने वाले समय में क्षेत्र में आधारभूत संरचना और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य देखने को मिलेंगे।उन्होंने NHAI की इंजीनियरिंग टीम से प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि कार्य पूरा होने के बाद गुलाबबाग जीरो माइल पूर्णिया के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा और शहर के आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में नई पहचान बनाएगा।








