पूर्णिया। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर दिल्ली में हुए कथित हमले के विरोध में उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शहर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित समर्थकों ने आरएन साह चौक पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने घटना की निंदा करते हुए सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग केंद्र सरकार से की। समर्थकों का कहना था कि एक जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।इस मौके पर सांसद के प्रवक्ता राजेश यादव ने कहा कि सांसद पप्पू यादव पर हुआ हमला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने केंद्र सरकार से सांसद को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
वहीं, कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अफरोज आलम ने कहा कि अगर देश का एक सांसद सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि पप्पू यादव हमेशा गरीबों, दलितों और युवाओं की आवाज उठाते रहे हैं और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश सफल नहीं होगी।
सांसद के नगर निगम प्रतिनिधि वैश खान ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सांसद पर हमला लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने केंद्र सरकार से सांसद पप्पू यादव को विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







