स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर मदारघाट में सांकेतिक धरना, तीन माह में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

SHARE:

कसबा (पूर्णिया)। पूर्व निर्धारित जन आंदोलन के तहत कसबा नगर परिषद क्षेत्र के मदारघाट दरगाह के समीप कोसी नदी तट पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर रविवार को सामाजिक कार्यकर्ता सह अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष बमबम साह के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने सांकेतिक धरना दिया। धरना के दौरान लोगों ने प्रशासन और सरकार से कोसी नदी पर स्थायी पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की।

धरना स्थल पर प्रतिनियुक्त सहायक लोक स्वच्छता एवं अवशिष्ट पदाधिकारी रवि कुमार के माध्यम से जिला पदाधिकारी के नाम मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र में कहा गया कि कसबा नगर परिषद के घनी आबादी वाले वार्ड संख्या 20 एवं 25 के महंतबाड़ी, तिनघरिया, पोखर टोला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए कसबा मुख्यालय तक आने-जाने का यह सबसे सरल और सुगम मार्ग है। पुल नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सुविधाओं, पुलिस अभिरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा कसबा मुख्य बाजार से खरीद-बिक्री सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मांग पत्र में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव धर्मेंद्र कुमार के पत्रांक 07CMS 11/2023-8729, दिनांक 19 दिसंबर 2023 का भी उल्लेख किया गया। इसमें बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के प्रबंध निदेशक को उक्त स्थल पर पुल निर्माण से संबंधित तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से प्राक्कलन तैयार कराने के लिए पत्राचार किए जाने की बात कही गई है।

धरना को संबोधित करते हुए बमबम साह ने कहा कि कोसी नदी के दक्षिण दिशा में करीब 600 वर्ष पुरानी पवित्र दरगाह शरीफ मजार स्थित है, जो हिंदू-मुस्लिम एकता और आस्था का प्रतीक है। यहां सीमांचल क्षेत्र के लाखों श्रद्धालुओं और लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद आजादी के 79 वर्ष बाद भी इस क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यदि अगले तीन महीने के अंदर उक्त स्थल पर पूर्व से तैयार सरकारी डीपीआर को प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो 8 दिसंबर से आम नागरिकों के साथ चरणबद्ध जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनके इस ऐलान पर धरना में मौजूद लोगों ने हर कदम पर साथ खड़े रहने और पुल निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

धरना में मुख्य रूप से मो. राजीकुल आलम, मो. माले उस्तार, मजमूल हक, राहुल साह, प्रिंस शर्मा, मो. शादीकुल, आफताफ आलम, हैदर अली, महफूज आलम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मो. साकिब, गुलफराज, असलम, मो. रमजान, मो. अमरुल, मो. मेहर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
धरना को देखते हुए कसबा पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिसकर्मी पूरे कार्यक्रम के दौरान मौके पर तैनात रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
0
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें