धर्मेन्द्र कु लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बिहार सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। अभया ब्रिगेड के गठन के बाद अब महिला पुलिसकर्मी गुलाबी स्कूटी पर सवार होकर शहर के अलग-अलग इलाकों में पेट्रोलिंग करती नजर आएंगी। पुलिस मुख्यालय के स्तर से प्रदेश के सभी जिलों में महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर प्रभावी तरीके से नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।पूर्णिया में भी इस पहल को महिला सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अभया ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों की विशेष नजर स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और सुनसान रास्तों पर रहेगी। खास तौर पर सुबह स्कूल-कॉलेज जाने के समय और छुट्टी के समय पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।
छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष नजर
अक्सर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास मनचलों और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी को लेकर छात्राओं और उनके अभिभावकों में चिंता रहती है। अभया ब्रिगेड की तैनाती के बाद ऐसे स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ेगी।पुलिस का उद्देश्य है कि छात्राओं को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में किसी तरह का डर या परेशानी महसूस न हो। महिला पुलिसकर्मी संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखेंगी।
छेड़खानी करने वालों पर होगी कार्रवाई
विशेष अपराध अनुसंधान शाखा की डीएसपी शिवानी श्रेष्ठ ने बताया कि गुलाबी स्कूटी पर सवार महिला पुलिसकर्मी शहर के सार्वजनिक स्थानों, सुनसान रास्तों, विश्वविद्यालय, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास लगातार पेट्रोलिंग करती नजर आएंगी।उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। यदि किसी महिला या छात्रा को परेशान करने, छेड़खानी करने या उसका पीछा करने की कोशिश की जाती है, तो ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं में बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा
अभया ब्रिगेड की खासियत यह होगी कि इसमें महिला पुलिसकर्मियों को ऐसे स्थानों पर सक्रिय रखा जाएगा, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक होती है। गुलाबी स्कूटी के जरिए महिला पुलिसकर्मी कम समय में अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले सकेंगी।
पुलिस की कोशिश है कि किसी भी महिला को अपनी समस्या बताने में संकोच न हो और जरूरत पड़ने पर महिला पुलिसकर्मी तुरंत सहायता उपलब्ध करा सकें।
पुलिस तंत्र को मजबूत करने की पहल
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम अभिनव परासर ने कहा कि पुलिस तंत्र को और मजबूत करने के लिए अभया ब्रिगेड का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को ऐसा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें वे बिना किसी डर के अपने काम, पढ़ाई और रोजमर्रा की गतिविधियों के लिए घर से बाहर निकल सकें।उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।
गुलाबी स्कूटी बनेगी महिला सुरक्षा की पहचान
अभया ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों की गुलाबी स्कूटी अब शहर में महिला सुरक्षा की नई पहचान बन सकती है। स्कूल-कॉलेज और कोचिंग के आसपास इनकी मौजूदगी से जहां छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, वहीं मनचलों और असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस का दबाव बढ़ेगा।महिला सुरक्षा को लेकर अभया ब्रिगेड के जरिए पुलिस का संदेश साफ है—महिलाएं और छात्राएं बेखौफ होकर बाहर निकलें, उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार उनके साथ खड़ी है।








