नवीन कुमार
पूर्णिया, बुधवार को बिहार सरकार के राज्यव्यापी “जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” महाअभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा राज्य स्तर पर अभियान की शुरुआत के बाद पूर्णिया जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रेफरल अस्पताल रूपौली में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रूपौली विधायक कलाधर मंडल ने की।इस अवसर पर सिविल सर्जन पूर्णिया डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया, जिला गैर संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी (एनसीडीओ) डॉ. सुभाष कुमार सिंह, संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. के.एम. दास, रूपौली एमओआईसी डॉ. नीरज कुमार, डीपीएम सुरेंद्र कुमार दास, डीपीसी डॉ. सुद्धांशु शेखर, जिला लेखा प्रबंधक सह एफएलसी केशव कुमार, एपिडेमियोलॉजिस्ट नीरज कुमार निराला, बीडीओ, सीओ, बीएचएम सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
घर के नजदीक जांच और उपचार की सुविधा
अभियान के संबंध में सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में अभियान के दौरान लोगों को विभिन्न चिकित्सकीय जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। खासतौर पर गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारी और फैटी लिवर की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच में किसी बीमारी के लक्षण पाए जाने पर मरीज को आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।
गैर संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर
सिविल सर्जन ने कहा कि “जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जागरूक करना और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से जांच एवं उपचार की सुविधा का लाभ उठा सकें।उन्होंने कहा कि गैर संचारी रोगों की समय पर जांच होने से बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में की जा सकती है। इससे समय पर उपचार शुरू करने और गंभीर स्थिति से बचाव में मदद मिलेगी।
2 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
जिला गैर संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि जिले में यह महाअभियान 02 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक तीन महीने चलेगा। अभियान के दौरान लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच एवं उचित उपचार के लिए प्रेरित करना तथा संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।डॉ. सुभाष कुमार सिंह ने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उचित उपचार से गंभीर बीमारियों को नियंत्रित करने के साथ-साथ स्वस्थ एवं बेहतर जीवन जीने में मदद मिल सकती है।








