पूर्णियां। डगरूआ थाना क्षेत्र के रहिका टोला में सोमवार की शाम करीब 4 बजे जमीन विवाद को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि चचिया ससुर ने अपनी बहू कोमल कुमारी पर गोली चला दी। गोली महिला की पीठ में लगी, जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि करीब तीन कट्ठा जमीन को लेकर पिछले छह वर्षों से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी चचिया ससुर विष्णु दास जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी विवाद को लेकर पहले महिला के पति गुलशन कुमार पर तलवार से हमला किया गया। हालांकि, गुलशन कुमार किसी तरह हमले से बच गए।
छत पर कपड़ा सुखा रही थी महिला
परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान गुलशन कुमार की पत्नी कोमल कुमारी घर की छत पर कपड़ा सुखा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। गोली महिला की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
डगरूआ थाने में मामला दर्ज
घटना को लेकर डगरूआ थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जमीन विवाद को लेकर छह वर्षों से चल रहे विवाद और पूर्व में हुए कथित हमले की भी पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल घायल महिला का राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।








