धर्मेन्द्र कु लाठ पूर्णिया
पूर्णिया। मिथिला हाट की तर्ज पर पूर्णिया के काझा कोठी पार्क को विकसित करने की योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने नाराजगी जताई है। डीएम ने पार्क का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं संवेदक को कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
पर्यटन विभाग की ओर से काझा कोठी पार्क को विकसित करने के लिए करीब 14 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। योजना के तहत पार्क परिसर में कई सुविधाएं विकसित की जानी हैं, जिनमें फूड पार्क, हाट, मेडिटेशन सेंटर, पाथ समेत अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा करीब 1807 वर्गफुट क्षेत्रफल में आधुनिक डायनिंग एरिया का निर्माण भी प्रस्तावित है।
डीएम अंशुल कुमार ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की स्थिति को देखा और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। काम की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।डीएम ने कहा कि काझा कोठी पार्क को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काझा कोठी के विकास को लेकर घोषणा की थी। इसी के तहत पार्क परिसर में पर्यटकों और आम लोगों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
योजना के तहत पार्क को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जहां लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ खान-पान, स्थानीय उत्पादों और अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। फूड पार्क और हाट के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पादों को भी मंच मिलने की योजना है। मेडिटेशन सेंटर और पाथ जैसी सुविधाएं भी पार्क के विकास का हिस्सा हैं।
तालाब की सफाई को लेकर भी दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पार्क परिसर में स्थित तालाब का भी जायजा लिया। आने वाले छठ पर्व को देखते हुए उन्होंने तालाब की साफ-सफाई का काम प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि तालाब और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। पार्क परिसर में चल रहे अन्य कार्यों के साथ तालाब की सफाई और आवश्यक व्यवस्था को भी जल्द पूरा करने को कहा गया।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है काझा कोठी
काझा कोठी पार्क को विकसित करने की योजना पूर्णिया में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आधुनिक सुविधाओं से विकसित होने के बाद यहां स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता किए बिना काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से नियमित रूप से कार्य की निगरानी करने और प्रगति की समीक्षा करते रहने को कहा।
जिला प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। डीएम के औचक निरीक्षण के बाद काझा कोठी पार्क के विकास कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।







