पूर्णिया केनगर। शारदीय मेंनवरात्र की महानवमी पर केनगर में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों और पूजा पंडालों में आस्था का सैलाब दिखा, वहीं पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए SDPO-2 डॉ. गौरव कुमार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने विभिन्न पूजा स्थलों का दौरा कर भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
महानवमी के अवसर पर केनगर स्थित माता स्थान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। यहां परंपरा के अनुसार करीब 100 छागरों की बलि दी गई। पुजारी के अनुसार, पहले फूस के घर में मां की पूजा होती थी, बाद में ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का निर्माण कराया गया। वहीं काझा कोठी स्थित मां दुर्गा मंदिर और केनगर चौक के पूजा पंडाल में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर SDPO की नजर
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए SDPO-2 डॉ. गौरव कुमार ने पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीडीओ मनीष कुमार, सीओ अजीत कुमार झा, थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी, पुलिस पदाधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह, मुखिया राजेश कुमार साह और नीरज कुमार मेहता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पूजा स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस की निगरानी के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।
प्रतिमा विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
महानवमी के अवसर पर SDPO-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन तक सतर्कता बनाए रखने और पूजा समितियों से आपसी समन्वय के साथ पर्व संपन्न कराने पर जोर दिया।
केनगर में महानवमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में मनाया गया।







