धर्मेंद्र कु लाठ पूर्णिया
कसबा (पूर्णिया)। कसबा थाना क्षेत्र के एनएच-27 कॉलेज चौक के समीप रविवार की शाम करीब छह बजे लगभग एक ही स्थान पर अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों और कसबा पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसबा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
पहली घटना में तारानगर निवासी पवन पासवान बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। बताया जाता है कि ब्राइट करियर स्कूल के समीप अंधेरा होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना में पवन पासवान के सिर और पैर में चोट लगी। उनके साथ बाइक पर सवार व्यक्ति घटना के बाद बाइक लेकर वहां से चला गया।
इसी दौरान उसी स्थान पर दूसरी घटना में नुनु उर्फ छोटू, निवासी मदारघाट बाइक से कॉलेज चौक की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सड़क पर एंबुलेंस के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण वे कुछ समय के लिए बेहोश हो गए।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनों घायलों की मदद की और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद कसबा पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया। एक ही स्थान पर थोड़े अंतराल में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-27 के उक्त हिस्से में पर्याप्त रोशनी और यातायात सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता जताई है।







