धर्मेन्द्र कुमार लाठ, पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पूर्णिया में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार जिला स्कूल मैदान परिसर में इस्कॉन की ओर से भव्य जन्माष्टमी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर मथुरा और वृंदावन की झलक दिखाने के लिए आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल की सजावट और परिसर को आकर्षक रूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है।जन्माष्टमी समारोह को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी इस्कॉन के भक्तों के पहुंचने की संभावना है। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
जलाभिषेक, दर्शन और भव्य आरती होगी
आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जलाभिषेक, दर्शन, भोग एवं भव्य आरती की जाएगी। इसके साथ ही भक्तों के लिए विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। पूरा परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। पूजा पंडाल के साथ आकर्षक सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है।
शाम 4 बजे से देर रात तक चलेगा भक्ति कार्यक्रम
इस्कॉन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शाम 4 बजे से देर रात तक भजन-कीर्तन होगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लेंगे।इस्कॉन के लाइफ मेंबर अमर केसरी ने बताया कि जन्माष्टमी समारोह को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है और श्रद्धालुओं को मथुरा-वृंदावन जैसी आध्यात्मिक अनुभूति कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
अमर केसरी ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर पूर्णिया में धार्मिक माहौल बनने लगा है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिला स्कूल मैदान पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे और भजन-कीर्तन में शामिल होकर कृष्ण भक्ति में डूबेंगे।








