धर्मेंद्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया नेपाल में आई भीषण जल प्रलय और प्राकृतिक त्रासदी को लेकर भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। बिहार सरकार के भू-राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा भारत नेपाल के साथ खड़ा है। पूर्णिया पहुंचे मंत्री दिलीप जायसवाल के साथ शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह भी मौजूद रहे।पूर्णिया स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने नेपाल में आई त्रासदी पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच केवल पड़ोसी देश का रिश्ता नहीं, बल्कि सदियों पुराना रोटी-बेटी का संबंध है। नेपाल में आई इस भीषण आपदा का दर्द भारत भी महसूस कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से की बात
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जैसे ही नेपाल में जल प्रलय की खबर सामने आई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने तत्काल राहत सामग्री नेपाल भेजने का काम शुरू किया और जरूरत पड़ने पर भारत हर प्रकार की मदद के लिए तैयार है।
हजारों लोगों की मौत और लापता होने पर जताई चिंता
दिलीप जायसवाल ने कहा कि नेपाल में आई यह त्रासदी बेहद दुखद और चिंताजनक है। बड़ी संख्या में लोगों की मौत और कई लोगों के लापता होने की खबरों ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में नेपाल की जनता को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार और भारत की जनता नेपाल के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्य में हर संभव सहयोग किया जाएगा।
दिलीप जायसवाल ने कहा
“नेपाल में आई जल प्रलय की इस भीषण त्रासदी में पूरा भारत नेपाल के साथ है। भारत और नेपाल का रोटी-बेटी का संबंध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से बात की और भारत सरकार ने सबसे पहले राहत सामग्री भेजकर मदद की। जरूरत पड़ने पर भारत हर संभव सहायता के लिए तैयार है।”








