धर्मेन्द्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। सदर पुलिस अनुमंडल-02 में इन दिनों अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। वाहन चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध के विरुद्ध लगातार कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है, जबकि आम लोगों का पुलिस पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है।हाल के दिनों में डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में कसबा थाना पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में तीन चोरी की मोटरसाइकिल, दो खुले इंजन, चार पुराने टायर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
वहीं, के.नगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में थाना के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल बिट्टू कुमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी के विरुद्ध हत्या, अपहरण, एनडीपीएस एक्ट और उत्पाद अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।इसके अलावा मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी से जुड़े चर्चित मामलों में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त, फ्लैग मार्च और नियमित छापेमारी अभियान के माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार का कहना है कि अपराध के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है। किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की।लगातार मिल रही इन सफलताओं के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सख्त कार्यशैली से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और लोगों का विश्वास है कि एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में सदर अनुमंडल-02 में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो रही है।







