धर्मेन्द्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
कसबा (पूर्णिया), मंगलवार को सदर अनुमंडल-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत कसबा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोटरसाइकिल के खुले इंजन, चार पुराने टायर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्णिया के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी और संगठित अपराध के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जुलाई को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारानगर निवासी आनंद कुमार (20 वर्ष) तथा मजगामा निवासी मो. तसब्बर (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मो. तसब्बर कॉलेज चौक स्थित एक मोटरसाइकिल गैरेज भी संचालित करता है। छापेमारी के दौरान तीन चोरी की मोटरसाइकिल, दो खुले इंजन, चार पुराने टायर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह अंतरजिला स्तर पर सक्रिय वाहन चोर गिरोह प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाहन चोरी और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में लगातार की गई प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है, वहीं आम लोगों का पुलिस पर विश्वास भी मजबूत हुआ है। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण कायम करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी के वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।इस संबंध में कसबा थाना कांड संख्या 295/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक सुशील कुमार, शैलेश कुमार, प्रिंस कुमार, रामाकांत यादव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।








