कसबा (पूर्णिया)। नगर परिषद कसबा के वार्ड संख्या-6 स्थित बरेटा मुहल्ले के नियमित अनुसूचित जनजाति विद्युत उपभोक्ताओं को वर्षों से ट्रांसफार्मर एवं बिजली के खंभे उपलब्ध होने के बावजूद केवल तार के अभाव में लो वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इससे स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे।
इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर 15 जून को स्थानीय लोगों ने सामाजिक बैठक आयोजित की, जिसमें चर्चित समाजसेवी एवं अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष बमबम साह को आमंत्रित कर समस्या से अवगत कराया गया। इसके बाद बमबम साह ने विभाग से संवैधानिक तरीके से समाधान की मांग करते हुए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की।
आंदोलन के प्रथम चरण में कसबा प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्युत प्रशाखा कार्यालय के समक्ष सैकड़ों लोगों के साथ प्रदर्शन किया गया। साथ ही 30 जून तक समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान बमबम साह ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला पदाधिकारी, विद्युत अधीक्षण अभियंता एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
बुधवार सुबह सहायक विद्युत अभियंता अमित शुक्ला नई केबल तार, बिजली के खंभे एवं अन्य आवश्यक विद्युत सामग्री के साथ बरेटा मुहल्ले पहुंचे। उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बमबम साह, वार्ड पार्षद अर्जुन कुमार मंडल तथा स्थानीय लोगों से आंदोलन समाप्त करने का आग्रह करते हुए लगभग दो दर्जन विद्युत कर्मियों की टीम को युद्धस्तर पर कार्य करते हुए आठ घंटे के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
वार्ड पार्षद अर्जुन कुमार मंडल एवं स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं ने मात्र 15 दिनों में वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में हुई कार्रवाई पर खुशी जताते हुए बमबम साह के आंदोलनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बमबम साह आम लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करने वाले सच्चे समाजसेवी हैं।
वहीं बमबम साह ने समस्या के समाधान की दिशा में त्वरित पहल के लिए विद्युत विभाग, जिला प्रशासन एवं स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।








