धर्मेंद्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से पूर्णिया शहर में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। नगर आवास एवं विकास विभाग के निर्देश के आलोक में आयोजित इस अभियान के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। अभियान की शुरुआत के अवसर पर शहर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई को लेकर गतिविधियां आयोजित की गईं ।टैक्सी स्टैंड के समीप आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल कुमार, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे, मेयर विभा कुमारी और उपमेयर पल्लवी गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मेयर विभा कुमारी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उनके इस कदम के माध्यम से आम लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार और मेयर विभा कुमारी ने सफाई कर्मियों के बीच स्वच्छता किट का वितरण भी किया। इस मौके पर सफाई कर्मियों को स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मी प्रतिदिन शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य करते हैं।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। स्वच्छ शहर के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखें तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा नहीं फेंकें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे लोगों की नियमित दिनचर्या और व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन और नगर निगम स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन आम नागरिकों के सहयोग के बिना इन प्रयासों को पूरी तरह सफल बनाना संभव नहीं है।
मेयर विभा कुमारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसके साथ ही शहरवासियों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालना चाहिए और सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने से बचना चाहिए।उपमेयर पल्लवी गुप्ता और नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे सहित मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी स्वच्छता अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और शहर को साफ रखने में सहयोग करने का संदेश दिया गया।सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू किए गए इस स्वच्छता कार्यक्रम से शहर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन, नगर निगम, सफाई कर्मियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही पूर्णिया को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।







