पूर्णिया/कसबा। पूर्णिया मेडिकल कॉलेज परिसर से टोटो चोरी होने के बाद चोर के पकड़े जाने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। गुरुवार सुबह चोरी हुआ टोटो कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में खड़ा मिला। टोटो मालिक के साले ने हार नहीं मानी और लाइन बाजार से पीछा करते हुए कसबा पहुंच गया। वाहन की पहचान होते ही स्थानीय लोगों की मदद से एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान लाइन बाजार के इमली गाछ निवासी अख्तर अंसारी के पुत्र महताब आलम के रूप में बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह टोटो मालिक अपना वाहन पूर्णिया मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ा कर किसी काम से गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो टोटो गायब था। वाहन गायब मिलने से हड़कंप मच गया। इसी बीच टोटो मालिक के साले ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बताया जाता है कि लाइन बाजार की ओर टोटो का पीछा करते हुए वह कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर तक पहुंच गया। वहां टोटो खड़ा देखकर उसने वाहन की पहचान कर ली।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर मौजूद संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया और कसबा पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है।
अब पुलिस के सामने कई सवाल हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर से टोटो कैसे गायब हुआ? वाहन कसबा तक कैसे पहुंचा? क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है? पुलिस इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, हिरासत में लिए गए युवक की संलिप्तता और चोरी की पूरी कहानी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल टोटो बरामद हो गया है और पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।







