धर्मेंद्र कुमार लाठ पूर्णिया ब्यूरो
पूर्णिया। युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल के तहत पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में सांसद पप्पू यादव की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार की उम्मीद लेकर कोसी-सीमांचल के सातों जिलों से बड़ी संख्या में युवा मेले में पहुंचे।सुबह से ही स्टेडियम में युवाओं की भीड़ जुटने लगी। छात्र-छात्राओं में रोजगार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में अलग-अलग कंपनियों और रोजगार प्रक्रिया के लिए विभिन्न काउंटर बनाए गए हैं, जहां युवाओं का पंजीकरण, दस्तावेजों की जांच और अन्य चयन प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मैट्रिक से स्नातक तक के युवाओं को मौका
रोजगार मेले में मैट्रिक से लेकर स्नातक तक की योग्यता रखने वाले युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों में युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।मेले में पहुंचे युवाओं का कहना है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने से उन्हें दूसरे राज्यों में नौकरी की तलाश में जाने की जरूरत कम होगी।
पप्पू यादव बोले—युवाओं को रोजगार देना जरूरी
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उनकी ओर से हजारों युवाओं को रोजगार के लिए आर्थिक मदद दी गई है। अब युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया गया है।उन्होंने कहा कि बिहार के पढ़े-लिखे युवा आज भी नौकरी और रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में
सरकार को और गंभीरता से काम करने की जरूरत है।सांसद ने कहा कि उनका प्रयास है कि कोसी-सीमांचल के युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलें, ताकि रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम किया जा सके।रोजगार मेले में युवाओं की भारी मौजूदगी से साफ है कि कोसी-सीमांचल में रोजगार की मांग कितनी बड़ी है और युवा नौकरी के अवसरों की तलाश में कितने उत्सुक हैं।








