रूपौली/पूर्णिया। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में पूर्णिया जिले के भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत जिला परिषद क्षेत्र संख्या-07 की जिला परिषद सदस्य रानी भारती ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान रानी भारती ने तेजस्वी यादव को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने क्षेत्र की राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। रानी भारती ने नेता प्रतिपक्ष से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।इस दौरान तेजस्वी यादव ने रानी भारती की सक्रियता और जनसंपर्क की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करती रहें। उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार बने रहना, उनकी समस्याओं को सुनना और संगठन को मजबूत करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेहनत और समर्पण का फल अवश्य मिलता है तथा आने वाले समय में ऐसे कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी मिलेगी।
वहीं जिला परिषद सदस्य रानी भारती ने कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानती हैं। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहती हैं और हर परिस्थिति में लोगों की मदद करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, गरीबों के अधिकार, महिलाओं के सम्मान तथा युवाओं के भविष्य को लेकर वे लगातार संघर्ष करती रहेंगी।रानी भारती ने यह भी कहा कि राजद की नीतियों और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर वे पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच काम करती रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का प्यार और समर्थन आगे भी मिलता रहेगा तथा क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।








