धर्मेन्द्र कुमार लाठ, पूर्णिया ब्यूरो
कसबा (पूर्णिया)। पूर्णिया में मादक पदार्थ और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में कसबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 169.200 लीटर विदेशी शराब की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक XUV 300 चार पहिया वाहन और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के दिशा-निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कसबा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अमौर से मोहनी की ओर एक XUV 300 वाहन में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-02 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनी-टीकापुर सड़क पर वाहन को घेरकर तलाशी ली। पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन से 169.200 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पमपम कुमार (24 वर्ष), पिता हरिनारायण यादव, निवासी जियनगंज वार्ड नंबर-06, थाना सरसी तथा रमेश कुमार मेहता (26 वर्ष), पिता जौहरी मेहता, निवासी कंचीरा बलुआ वार्ड नंबर-06, थाना के. नगर, दोनों जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है। साथ ही गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। शराब तस्करी और सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।इस संबंध में कसबा थाना कांड संख्या 311/26, शुक्रवार को धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है

यह पूरी कार्रवाई एसडीपीओ सदर-02 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम द्वारा की गई। टीम में पु०अ०नि० सह अपर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार, पु०अ०नि० निशा कुमारी, पु०अ०नि० शैलेश कुमार, पु०अ०नि० सुशील कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस की इस कार्रवाई को कसबा क्षेत्र में अवैध शराब की सप्लाई और होम डिलीवरी नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस अब शराब की इस खेप के पीछे जुड़े पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन तक पहुंचने में जुटी है।







